यशवंत गंजीर धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है, जहां एक अनियंत्रित पिकअप वाहन पलटने से करीब दर्जन भर लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, नगरी क्षेत्र के ग्राम मुकुंदपुर से करीब 25 से 26 लोग एक पिकअप वाहन में सवार होकर कोंगरा गांव में आयोजित एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। मंगलवार की रात जब सभी लोग कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी खड़पथरा गांव के पास मुख्य मार्ग पर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और पिकअप बीच सड़क पर ही पलट गई।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
इस भीषण हादसे में वाहन में सवार करीब 12 लोग घायल हो गए हैं। दुर्घटना की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए नगरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
पूर्व विधायक पहुंचे अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही सिहावा के पूर्व विधायक श्रवण मरकाम तुरंत सिविल अस्पताल नगरी पहुंचे। उन्होंने घायल ग्रामीणों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और डॉक्टरों से चर्चा कर घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।

