यशवंत गंजीर धमतरी। भारतीय जनता पार्टी जिला धमतरी ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से वर्ष 2026 के लिए मंडल प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की सूची जारी कर दी है। लोकसभा क्षेत्र महासमुंद और कांकेर तथा विधानसभा क्षेत्र धमतरी, कुरुद और सिहावा के अंतर्गत आने वाले 13 मंडलों में अनुभवी एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन ने नियुक्तियों में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया है।
जारी सूची के अनुसार शहर मंडल में विजय साहू को प्रभारी तथा कविन्द्र जैन को सह-प्रभारी बनाया गया है। आमदी मंडल की जिम्मेदारी राकेश साहू को सौंपी गई है, जबकि श्यामा साहू सह-प्रभारी नियुक्त की गई हैं। रावां मंडल में चेतन हिन्दूजा प्रभारी एवं उमेश साहू सह-प्रभारी होंगे। भोथली मंडल में महेंद्र पंडित को प्रभारी और राजीव सिन्हा को सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं गंगरेल मंडल में हेमंत चंद्राकर को प्रभारी तथा अविनाश दुबे को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
कुरुद मंडल में कुलेश्वर चंद्राकर प्रभारी और थानेश्वर साहू सह-प्रभारी होंगे। भखारा मंडल की कमान आनंद यदु को सौंपी गई है, जबकि छत्रपाल बैस सह-प्रभारी बनाए गए हैं। सिर्री मंडल में पुष्पेंद्र साहू प्रभारी एवं जीवन साहू सह-प्रभारी नियुक्त हुए हैं। मेघा मंडल में होरीलाल साहू को प्रभारी और डागेश्वर सोनकर को सह-प्रभारी बनाया गया है।
वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए नगरी मंडल में मोहन नाहटा को प्रभारी तथा महेंद्र नेताम को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। मगरलोड मंडल में श्रवण मरकाम प्रभारी एवं विजय यदु सह-प्रभारी होंगे। बेलरगांव मंडल का प्रभार अकबर कश्यप को सौंपा गया है, जहां राकेश चौबे सह-प्रभारी की भूमिका निभाएंगे। वहीं कुकरेल मंडल में विकल गुप्ता को प्रभारी तथा महेश गोटा को सह-प्रभारी बनाया गया है।
यह सूची भाजपा जिला धमतरी के शीर्ष नेतृत्व की सहमति से जारी की गई है। सूची के नीचे जिला महामंत्री राकेश साहू, जिला महामंत्री महेंद्र पंडित तथा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस के हस्ताक्षर अंकित हैं। नई नियुक्तियों की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन पदाधिकारियों का मानना है कि नई टीम मंडल स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत और जनसंपर्क आधारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

