चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की बीती रात हुई चाकूबाजी की घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देशी मदिरा की दुकान के पास एक पान व्यवसायी पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में दहशत फैल गई जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त क्षेत्र होने के बावजूद ऐसी घटना चिंता का विषय है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पान व्यवसायी मुनाक्का प्रसाद गुप्ता (लगभग 50 वर्ष) देर रात दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
CG NEWS : तखतपुर में अनोखी पहल’ बिना दहेज के आदर्श विवाह के लिए युवक ने प्रशासन से मांगा सहयोग
घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी-112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल निजी चिकित्सालय ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर रेफर किए जाने की बात सामने आई है।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना ऐसे स्थान पर हुई, जहां देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर हमलावर इतने बेखौफ कैसे हो गए कि सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाए जाने की जरूरत है
यह घटना केवल एक आपराधिक वारदात नहीं बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था की भी परीक्षा है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष यह चुनौती है कि वे घटना के कारणों का शीघ्र खुलासा कर जनता में सुरक्षा का विश्वास बहाल करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि बाजार शराब दुकानों के आसपास और संवेदनशील स्थलों पर नियमित गश्त सीसीटीवी निगरानी तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान प्रभावी ढंग से संचालित हो।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हमले के पीछे पुरानी रंजिश आपसी विवाद या अन्य किसी कारण की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
शहर के बीचों-बीच हुई इस घटना ने आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब निगाहें पुलिस प्रशासन पर हैं कि वह इस मामले में कितनी तेजी और सख्ती से कार्रवाई कर कानून का भय स्थापित करता है।

