यशवंत गंजीर, कुरूद। भीषण गर्मी के बीच आमदी सब स्टेशन के सिलौटी फीडर से जुड़े गांवों के ग्रामीण लगातार बिजली संकट से जूझ रहे हैं। ग्राम सिलौटी, सेमरा, खपरी, जोरातराई और सौराबांधा में पिछले तीन-चार महीनों से बार-बार ट्रिपिंग और घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा हजारों उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार दिन हो या रात, कभी भी बिजली बंद हो जाती है। कई बार कुछ मिनटों के अंतराल में बार-बार ट्रिपिंग होती है, जबकि कई अवसरों पर घंटों तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाती। भीषण गर्मी में बिजली कटौती के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। रात में पंखे और कूलर बंद होने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कटनी के रीठी अस्पताल में अव्यवस्थाओं पर भड़कीं माला मौसी, डॉक्टर नदारद
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही कटौती से किसानों, छोटे कारोबारियों और विद्यार्थियों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। ऑनलाइन पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग और पेयजल व्यवस्था तक प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सिलौटी फीडर की तकनीकी खामियों को दूर कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो वे बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने मांग की है कि विभाग तत्काल जांच कर समस्या का स्थायी समाधान निकाले, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

