यशवंत गंजीर, धमतरी। जिले के कुरुद नगर के रामसागर तालाब में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे में डूबे युवक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान ग्राम उमरदा निवासी संतोष कंवर (40 वर्ष) के रूप में हुई है। करीब 18 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद गोताखोरों ने शव को तालाब से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष कंवर अपने रिश्तेदार के दसगात्र कार्यक्रम में शामिल होने कुरुद आए हुए थे। जलांजलि की रस्म के दौरान वे तालाब में उतरे थे। इसी बीच उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही कुरुद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की गई। बाद में धमतरी से विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। शनिवार शाम से देर रात तक लगातार खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने और पानी की गहराई अधिक होने के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। रविवार सुबह पुनः शुरू किए गए अभियान में गोताखोरों ने सुबह लगभग सवा सात बजे शव को खोज निकाला।
रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस प्रशासन लगातार मौके पर मौजूद रहा। सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भी सहयोग करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं संभालीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार संतोष कंवर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी अचानक हुई मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे उमरदा गांव और कुरुद क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

