यशवंत गंजीर धमतरी। ग्राम खरेंगा (तहसील व जिला धमतरी) स्थित महानदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के दौरान एक बेहद संवेदनशील और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नदी के भीतर अवैध रूप से की जा रही खुदाई के कारण वहां बरसों पहले दफन किए गए मानव कंकाल जमीन के ऊपर निकल आए। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन, राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित और बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है।
कंकाल मिलने पर दिखाई संवेदनशीलता:
खनिज विभाग को दूरभाष पर सूचना मिली थी कि खरेंगा क्षेत्र में रेत माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध उत्खनन के कारण प्राचीन कंकाल बाहर आ गए हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर प्रशासनिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सामाजिक और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रशासन ने सबसे पहले उन कंकालों को दोबारा पूरे सम्मान और सुरक्षित तरीके से दफनाने की व्यवस्था कराई, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति शांत हुई।
माफिया पर चौतरफा प्रहार:
संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी कर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में संलिप्त 05 ट्रैक्टर वाहनों को रंगे हाथों पकड़ा और उन्हें जब्त कर लिया। संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत वैधानिक मामला दर्ज किया गया है।
इस गंभीर मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए क्षेत्र के खनिज निरीक्षक (माइनिंग इंस्पेक्टर) को ‘कारण बताओ नोटिस’ (शो-कॉज) जारी किया है। इसके साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाली संबंधित फर्म की गौण खनिज साधारण रेत भंडारण अनुज्ञा (स्वीकृति) को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। रेत माफियाओं की मनमानी रोकने के लिए अब क्षेत्र की अन्य रेत खदानों का नए सिरे से सीमांकन भी किया जा रहा है।
माफियाओं पर कार्रवाई रहेगी जारी:
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने दोटूक शब्दों में कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन पर सख्ती से नियंत्रण रखा जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण की रक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
आंकड़ों की जुबानी: अब तक 108 मामले दर्ज:
खनिज अधिकारी के मुताबिक, खनिज उड़नदस्ता दल लगातार कार्रवाई कर रहा है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27में अब तक अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के कुल 108 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जिनसे 29 लाख 51 हजार 560 रुपयेकी शास्ति (जुर्माना) राशि खनिज मद में जमा कराई गई है।

