यशवंत गंजीर धमतरी। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई तीन घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें दो लोगों ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया, जबकि एक व्यक्ति की बिजली के खंभे पर चढ़ने के दौरान करंट लगने से जान चली गई। पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम उमरगांव की है। यहां जोहत राम मरकाम (41) अपनी सब्जी बाड़ी में बिजली का तार जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़े थे। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गए और नीचे गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल नगरी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पोस्ट ऑफिस वार्ड की है। यहां प्राची यादव (31) गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात घर में अचेत अवस्था में मिलीं। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती बचपन से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी।
तीसरी घटना मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम सौंगा की है। यहां बिसाहिन बाई निषाद (55) ने 28 मई को घर में जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें धमतरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी।
पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही घटनाओं के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

