कटनी। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ मध्य प्रदेश द्वारा अपनी लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई है। संघ ने शासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।जारी पत्र के अनुसार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण, वेतन विसंगति दूर करने, निष्कासित कर्मचारियों की पुनः बहाली, संविदा नीति 2023 का पालन तथा अन्य मांगों को लेकर आंदोलन का निर्णय लिया है।
संघ ने बताया कि 25 मई से 27 मई 2026 तक जिले के सभी कर्मचारी काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद 28 एवं 29 मई को कलेक्टर, सीएमएचओ एवं बीएमओ को ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं 30 मई से 1 जून तक जनप्रतिनिधियों — सांसद, विधायक एवं मंत्रियों — को ज्ञापन देकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया जाएगा।
यदि इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 2 जून से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा आंदोलन एवं ऑनलाइन कार्यों का पूर्ण बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। साथ ही 8 जून 2026 को भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की भी घोषणा की गई है।

