यशवंत गंजीर धमतरी। धमतरी के सीमावर्ती बालोद जिले की नवगठित पलारी नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू के समर्थन में आयोजित विशाल चुनावी रैली के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जनता से कांग्रेस प्रत्याशी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हितों और क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने पलारी नगर पंचायत के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान को कांग्रेस की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
जनसभा में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं डौंडी लोहारा विधायक अनिला भेंडिया, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं आरंग के पूर्व विधायक डॉ. शिव डहरिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बालोद विधायक संगीता सिन्हा, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद तथा धमतरी विधायक ओंकार साहू सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। रैली और सभा में कांग्रेस समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।

