यशवंत गंजीर, कुरुद। धमतरी जिले में मंदिरों को निशाना बनाने वाले चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे लगातार दूसरे दिन भी पुलिस को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं। मरौद के शीतला मंदिर में चोरी और मूर्ति खंडित करने की सनसनीखेज घटना के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि सोमवार देर रात भखारा नगर स्थित शीतला मंदिर में भी अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया।
बताया जा रहा है कि रात करीब 1 बजे चोर मंदिर में घुसे और माता पर चढ़े सोने-चांदी के गहनों सहित दान पेटी में रखी नगदी रकम लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लगातार दूसरे दिन माता शीतला मंदिर को निशाना बनाए जाने से लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।
इधर, मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से फुटेज खंगाल रही है और जल्द आरोपी तक पहुंचने का दावा कर रही है। लेकिन दो दिनों में दो बड़ी घटनाओं ने जिले की पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि रविवार रात ग्राम मरौद के प्राचीन शीतला मंदिर में चोरों ने चोरी के साथ धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाई थी। असामाजिक तत्वों ने माता की मूर्ति को खंडित कर मंदिर से बाहर फेंक दिया था। वहीं सोने-चांदी के आभूषण, श्रृंगार सामग्री, छत्र और दान पेटी की रकम भी पार कर दी गई थी।
अब लगातार हो रही इन घटनाओं से श्रद्धालुओं में डर और नाराजगी दोनों बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

