कटनी–बीना रेलखंड पर स्थित रीठी रेलवे स्टेशन इन दिनों अव्यवस्थाओं का शिकार बना हुआ है। स्टेशन पर यात्रियों के लिए न तो पीने के पानी की समुचित व्यवस्था है और न ही बैठने की पर्याप्त सुविधा। हालात ऐसे हैं कि यात्री खाली प्लेटफॉर्म पर बैठकर ट्रेन का इंतजार करने को मजबूर हैं।
रीठी रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव साफ दिखाई देता है। भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। स्टेशन परिसर में लगे नल और वाटर कूलर बंद पड़े हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इतना ही नहीं, प्लेटफॉर्म पर बैठने के लिए पर्याप्त बेंच भी उपलब्ध नहीं हैं। कई यात्री जमीन पर बैठकर ट्रेन का इंतजार करते नजर आए। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
“स्टेशन पर पानी तक नहीं मिल रहा, घंटों इंतजार करना पड़ता है। बैठने की भी कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे काफी परेशानी होती है।”
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से जल्द सुविधाएं बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि छोटे स्टेशनों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसका खामियाजा आम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की समस्याओं को कितनी गंभीरता से लेता है और रीठी रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाएं कब तक बहाल हो पाती हैं।

