यशवंत गंजीर धमतरी। भीषण गर्मी के बीच धमतरी जिले के कुरुद-भोथली मार्ग स्थित साईं राइस मिल में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हाईटेंशन तार में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। तार से निकली चिंगारी ने बरदाना शेड को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मिल कर्मचारियों की तत्परता से समय रहते सभी सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
इस हादसे में नगर पंचायत प्रशासन की बड़ी लापरवाही भी उजागर हुई। सूचना मिलने पर नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कुरुद की फायर ब्रिगेड खराब होने के कारण दमकल वाहन समय पर काम नहीं आ सका। इसके बाद आनन-फानन में धमतरी नगर निगम से दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं। धमतरी से आई टीम और मिल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की भारी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया। तब तक बरदाना शेड में रखा लाखों का माल जलकर राख हो चुका था।
राइस मिल संचालक विनय अग्रवाल ने बताया कि इस आगजनी में मिल को भारी आर्थिक चपत लगी है। शेड में रखे एक लाख से अधिक धान के कट्टे, हजारों प्लास्टिक बोरियां और अन्य पैकेजिंग सामग्रियां पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस दुर्घटना में लगभग 25 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हुआ है। शॉर्ट सर्किट की इस घटना के बाद कुरुद-भोथली मार्ग पर देर तक दहशत और तनाव का माहौल बना रहा।

