रीठी। लंबे समय से मनमानी रवैये और अव्यवस्थित कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा में रहने वाला रीठी सरकारी अस्पताल अब धीरे-धीरे सुधार की राह पर दिखाई देने लगा है। अस्पताल की व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के लिए खंड चिकित्सा अधिकारी द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका असर अब साफ नजर आने लगा है।
पहले जहां अस्पताल के कर्मचारी मनमाने समय पर पहुंचते थे, वहीं अब अधिकांश कर्मचारी सुबह ठीक 10 बजे कार्यालय और अपने-अपने वार्डों में उपस्थित दिखाई देने लगे हैं। अस्पताल परिसर में अनुशासन और समयबद्धता का माहौल बनने लगा है।
कटनी के रीठी में नाबालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी से मौत परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप,
इतना ही नहीं, पहले कई वार्ड निर्धारित समय पर नहीं खुलते थे, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब अस्पताल के प्रत्येक वार्ड समय पर खुलने लगे हैं और मरीजों को समय पर उपचार सुविधा मिलने लगी है।
खंड चिकित्सा अधिकारी द्वारा लगातार निरीक्षण और सख्त निर्देशों के चलते कर्मचारियों में जिम्मेदारी की भावना भी दिखाई देने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह निगरानी और सुधार जारी रहा तो आने वाले समय में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर हो सकती हैं।
अस्पताल में हो रहे इस बदलाव से क्षेत्र के मरीजों और आम नागरिकों में संतोष का माहौल देखा जा रहा है।

