कुरुद। धमतरी जिले में चल रही करोड़ों रुपए की सड़क परियोजनाओं पर अब शासन ने सीधे निगरानी तेज कर दी है। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जिले की निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सड़कों का मैदानी निरीक्षण कर अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को साफ संदेश दिया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं होगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई स्थानों पर रुककर निर्माण की प्रगति, सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, एसडीएम नभ सिंह कोसले, पीडब्ल्यूडी एसडीओ आर.के. शुक्ला सहित विभागीय अधिकारी, मैदानी अमला और संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे। सचिव बंसल ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में सड़क अधोसंरचना को केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर मजबूत और सुरक्षित बनाया जाना प्राथमिकता है।
CG BREAKING : महिला एवं बाल विकास विभाग में तबादलों की लिस्ट जारी, 41 अधिकारी प्रभावित
30 करोड़ से बदलेगी कुरुद-सिर्री मार्ग की तस्वीर:
सचिव बंसल ने कुरुद-चरमुड़िया-गोबरा-सिवनी-चिंवरी-सिर्री मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का निरीक्षण किया। लगभग 30 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से बन रही 9.3 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना को फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों के लिए यह सड़क लंबे समय से महत्वपूर्ण मांग रही है, क्योंकि बरसात के दिनों में आवागमन प्रभावित होने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। निरीक्षण के दौरान सचिव ने निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता नियंत्रण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी पर सरकार का बड़ा फोकस:
सिर्री-फुसेरा-करगा-चटौद मार्ग चौड़ीकरण कार्य भी सचिव की प्राथमिकता में शामिल रहा। करीब 15 करोड़ 53 लाख रुपए की लागत से 9.6 किलोमीटर लंबी इस सड़क का उन्नयन किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ग्रामीण संपर्क मार्गों को केवल निर्माण कार्य तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें सुरक्षित और टिकाऊ बनाया जाए ताकि ग्रामीणों को वर्षभर बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके। शासन की मंशा साफ दिखाई दी कि अब सड़क परियोजनाओं की सफलता केवल घोषणा से नहीं, बल्कि तय समय में जमीन पर दिखाई देने वाले परिणामों से आंकी जाएगी।

