कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिघरा गांव में मंगलवार देर शाम एक 18 वर्षीय युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेत में पेड़ पर फंदे से झूलती मिली युवती
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती ने अज्ञात कारणों के चलते खेत में लगे एक पेड़ पर फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जब ग्रामीणों और परिजनों ने युवती को फंदे पर लटका देखा तो तत्काल इसकी सूचना रीठी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। मामले की जांच की जा रही है तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे तिघरा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि युवती शांत स्वभाव की थी, ऐसे में इस घटना से सभी लोग स्तब्ध हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।

