कुरुद। क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में ग्राम सिलौटी और पचपेड़ी में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। सिलौटी में ₹459.32 लाख की लागत से निर्मित होने वाले शासकीय नवीन महाविद्यालय भवन का भूमिपूजन संपन्न हुआ, वहीं ग्राम पचपेड़ी में आम जनता को त्वरित चिकित्सा लाभ देने के लिए 5 बिस्तरों वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया।
मंगलवार को नवीन महाविद्यालय के भूमिपूजन अवसर पर छात्र-छात्राओं एवं पालकों को संबोधित करते हुए विधायक चंद्राकर ने कहा कि सिलौटी में कॉलेज की मांग औपचारिक रूप से नहीं उठी थी, लेकिन क्षेत्र की दूरगामी आवश्यकताओं को देखते हुए मैंने इसे स्वीकृत कराया। शिक्षा का उद्देश्य किसी एक गांव तक सीमित नहीं होता, बल्कि इससे समूचा क्षेत्र लाभान्वित होता है। हमारा संकल्प कुरुद विधानसभा के ग्रॉस एनरोलमेंट रेशियो (GER) को राष्ट्रीय स्तर के समकक्ष लाना है। उन्होंने बदलते परिदृश्य का हवाला देते हुए युवाओं के लिए कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) को अनिवार्य बताया।
औद्योगिक मांग के अनुरूप तैयार होंगे स्थानीय युवा:
विधायक चंद्राकर ने पंचायत प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे गांवों में शिक्षा और जागरूकता का ऐसा माहौल तैयार करें जिससे स्थानीय युवा पढ़ाई और कौशल के दम पर जामगांव, बगौद, डांडेसरा और कचना जैसे नजदीकी औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का शत-प्रतिशत लाभ उठा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के मोर्चे पर कोई क्षेत्रीय असंतुलन नहीं है। जहां कहीं आंशिक कमी है, उसे जनभागीदारी से पूरा किया जा रहा है।
खेती-किसानी को प्राथमिकता: प्रशासन को कड़े निर्देश:
वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनजर खाद और ईंधन की संभावित किल्लत पर चिंता जताते हुए विधायक ने किसानों को अग्रिम व वैकल्पिक व्यवस्था रखने की सलाह दी। उन्होंने मंच से ही कलेक्टर को निर्देशित किया कि कृषि कार्य के सीजन में किसानों को डीजल और खाद की कमी किसी भी सूरत में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने वालों पर भी तीखा तंज कसा। वहीं धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने प्रशासनिक प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि विकास कार्य समयसीमा में पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 200 मीट्रिक टन क्षमता का खाद-बीज गोदाम बनाया जाएगा और उपार्जन केंद्रों को सोसायटी में बदला जा रहा है।
सहकारिता और डिजिटल कनेक्टिविटी का नया मॉडल:
क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए विधायक ने बताया कि परखंदा, मंदरौद, करेली बड़ी और सिलौटी में कॉपरेटिव बैंक खोलने की दिशा में युद्धस्तर पर कार्य जारी है, जिसमें सिलौटी बैंक की स्वीकृति अंतिम चरण में है। इसके अलावा, ग्रामीण युवाओं को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए हर ग्राम पंचायत भवन में वाई-फाई की सुविधा और ई-लाइब्रेरी की शुरुआत की जा रही है। वहीं पचपेड़ी अस्पताल के बारे में उन्होंने कहा कि अब ग्रामीणों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, वहां सातों दिन 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जनपद अध्यक्ष श्रीमती गीतेश्वरी हेमन्त साहू ने क्षेत्र में हो रहे निरंतर विकास का श्रेय विधायक के प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में कुरुद विधानसभा लगातार प्रगति कर रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति पूजा सिन्हा, जनपद उपाध्यक्ष सतीश जैन, सभापति आनंद यदु, सिंधु बैस, भखारा नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति जैन, पूर्व अध्यक्ष पुष्पलता देवांगन, वरिष्ठ भाजपा नेता रामगोपाल देवांगन, भीम साहू, रवि सिन्हा, रामस्वरूप साहू, छत्रपाल बैस, चोवाराम गंजीर, फनेन्द्र सिन्हा, लेखराम सिन्हा, भोलाराम साहू, डिकेश्वरी देवांगन, गणेश साहू, संतोष यादव, सरपंच अनिल राव शिंदे, विनय साहू सहित एसडीएम नभ सिंह कोसले, सीएमएचओ डॉ. कौशिक, एसडीओ आर.के. शुक्ला एवं विभिन्न विभागों के मैदानी अधिकारी-कर्मचारी और भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

