कुरुद।क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कुरुद विधायक अजय चंद्राकर आज विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। आज होने वाले इन आयोजनों से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को बड़ा मजबूत आधार मिलेगा।
तय कार्यक्रम के अनुसार, विकास कार्यों की शुरुआत सुबह 11 बजे ग्राम सिलौटी से होगी। यहाँ विधायक बाबू पंडरी राव कृदत्त शासकीय नवीन महाविद्यालय में ₹453 लाख (4.53 करोड़) की लागत से बनने वाले नए भव्य भवन का भूमिपूजन करेंगे। इस गरिमामयी कार्यक्रम की अध्यक्षता कुरुद जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीतेश्वरी हेमन्त साहू करेंगी।
इसके बाद, दोपहर 12 बजे ग्राम पचपेड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
दौरे के अंतिम चरण में, दोपहर 1 बजे विधायक नगर पंचायत भखारा-भठेली पहुंचेंगे। यहाँ वे लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से पूरे हो चुके विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर जनता को सौंपेंगे। साथ ही, क्षेत्र के कायाकल्प के लिए करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले नए विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास भी करेंगे। इन विकास कार्यों को लेकर स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

