कुरूद। प्रदेश में डीजल और पेट्रोल की कमी को लेकर आम जनता और किसानों की बढ़ती परेशानी के बीच कुरूद विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने आवाज बुलंद की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुरूद के तत्वाधान में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम में कुरूद के पूर्व विधायक लेखराम साहू ने कहा कि प्रदेश के किसान और आम नागरिक पेट्रोल पंपों पर कड़ी धूप में लंबी-लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। लोगों को बड़े-बड़े डिब्बों के साथ दो से तीन दिन तक लाइन में लगना पड़ रहा है, जिससे उनकी दैनिक जिंदगी और खेती-किसानी दोनों प्रभावित हो रही हैं।
BREAKING NEWS : राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, 2 AC कोच जलकर खाक, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
उन्होंने केंद्र और राज्य की “डबल इंजन” सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया गया था, लेकिन वर्तमान हालात देखकर लगता है कि किसानों का कर्ज और बढ़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां पूरी तरह विफल हो चुकी हैं, जिसका खामियाजा किसानों को उठाना पड़ रहा है।
लेखराम साहू ने कहा कि किसान सुबह से ही डीजल-पेट्रोल की व्यवस्था के लिए भटक रहे हैं, जिससे खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ईंधन का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को राहत मिल सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पेट्रोल-डीजल और खाद की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी हर पेट्रोल पंप पर धरना-प्रदर्शन करते हुए उग्र आंदोलन करेगी।
धरना-प्रदर्शन में पूर्व विधायक लेखराम साहू के साथ जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी की अध्यक्ष श्रीमती तारिणी चंद्राकर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुरूद के अध्यक्ष महिम शुक्ला, उपाध्यक्ष देवव्रत साहू, पूर्व अध्यक्ष तपन चंद्राकर सहित रजत चंद्राकर, मनीष साहू, आशीष शर्मा, प्रमोद साहू, मनोज अग्रवाल और अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

