यशवंत गंजीर कुरुद। धमतरी जिले अंतर्गत कुरुद विकासखंड के ग्रामीण अंचलों में जनसुविधाओं के विस्तार और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम जोरातराई (अ) और ग्राम सेमरा (सी) में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पेयजल संकट से निपटने के लिए पानी टैंकर और पशुपालकों की सहूलियत के लिए दुग्ध खरीदी केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया।
दुग्ध खरीदी केंद्र शुरू, पशुपालकों को मिलेगा लाभ:
ग्राम जोरातराई (अ) में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए कुरुद विधायक अजय चंद्राकर के निर्देशानुसार शासकीय दुग्ध समिति का गठन किया गया। इसके तहत 16 मई 2026 को गांव में दुग्ध खरीदी केंद्र का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस केंद्र के खुलने से अब स्थानीय पशुपालकों को अपने दूध की बिक्री के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें गांव में ही उचित मूल्य मिल सकेगा, जिससे डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा।
भीषण गर्मी में जल संकट से राहत, मिला 2.50 लाख का टैंकर:
जोरातराई (अ) में गर्मी के मौसम में गहराते जल संकट को देखते हुए विधायक के मार्गदर्शन में क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति पूजा सिन्हा द्वारा 15वें वित्त आयोग मद से ₹2.50 लाख की लागत का पानी टैंकर ग्राम पंचायत को उपलब्ध कराया गया। इस कार्यक्रम में जनपद सदस्य एवं सभापति आनंद यदु, पूर्व जनपद अध्यक्ष व सरपंच पूर्णिमा साहू, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रामस्वरूप साहू, उपसरपंच ईश्वर निषाद सहित स्थानीय पंच, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सेमरा (सी ) में भी जिला पंचायत निधि से मिला नया पानी टैंकर:
इसी प्रकार धमतरी जिले के ग्राम सेमरा (सी) में भी पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला पंचायत सभापति श्रीमती पूजा राजू सिन्हा के सहयोग एवं मार्गदर्शन में जिला पंचायत विकास निधि (15वें वित्त आयोग) के अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरा (सी) को नया पानी टैंकर प्रदान किया गया।
अतिथियों की मौजूदगी में विधिवत पूजा-अर्चना और रिबन काटकर इस नए टैंकर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत कुरुद की अध्यक्ष गितेश्वरी साहू, ग्राम सेमरा (सी) के सरपंच छबीलेश सिन्हा, स्थानीय पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।
विकास को मिलेगी गति:
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने बताया कि इन टैंकरों का मुख्य उद्देश्य गांवों में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थाई समाधान करना है, ताकि सामाजिक कार्यक्रमों, शादी-ब्याह और आपात स्थिति में ग्रामीणों को स्वच्छ पानी आसानी से मिल सके। जोरातराई (अ) और सेमरा (सी) के ग्रामवासियों ने इन जनहितैषी कार्यों के लिए कैबिनेट मंत्री व जिला पंचायत सभापति पूजा राजू सिन्हा सहित सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

