धमतरी। शुक्रवार की सुबह धमतरी शहर के लिए किसी रहस्यमयी फिल्म के सीन जैसी रही। जब शहर जाग रहा था और पेट्रोल पंपों पर वाहनों की कतार लगनी शुरू ही हुई थी, तभी अचानक दिल्ली पुलिस की एक विशेष टीम ने शहर में एंट्री की। बिना किसी को भनक लगे, पुलिस ने सीधे एक रसूखदार पेट्रोल पंप संचालक को निशाना बनाया और उसे भीड़ के बीच से ही हिरासत में ले लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से न केवल पंप के कर्मचारी सन्न रह गए, बल्कि पूरे व्यापारिक जगत में सनसनी फैल गई कि आखिर ‘दिल्ली कनेक्शन’ का राज क्या है?
दिनभर इस बात को लेकर कयासों का दौर चलता रहा कि धमतरी के एक शांत व्यवसायी का दिल्ली के अपराधों से क्या लेना-देना हो सकता है। जैसे-जैसे समय बीता, मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं और एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। सूत्रों के अनुसार, यह हाई-प्रोफाइल मामला दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट थाने से जुड़ा है। यहाँ एक महिला ने उक्त व्यवसायी पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है कि उसने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया और फिर मुकर गया।
धमतरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी गुजराती कॉलोनी का निवासी है। दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस को इस ऑपरेशन की जानकारी दी थी और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाया गया है। पुलिस की इस दबिश ने कई अनुत्तरित सवाल छोड़ दिए हैं—क्या आरोपी का दिल्ली में कोई गुप्त नेटवर्क था? महिला से उसकी मुलाकात कब और कहाँ हुई? शहर का एक प्रतिष्ठित चेहरा कहे जाने वाले व्यवसायी के इस ‘डार्क साइड’ के पीछे और कितने राज दफन हैं? फिलहाल, आरोपी दिल्ली की सलाखों के पीछे है और वहीं की पूछताछ में इस सस्पेंस से पूरी तरह पर्दा उठने की उम्मीद है।

