बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने के शक में गांव के ही एक युवक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी जंगल में जाकर छिप गया था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध संबंध के शक में बढ़ा विवाद …
जानकारी के अनुसार रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के जनकपुर गांव में रहने वाले आरोपी बंधू सिंह आयाम पिता रामशरण उम्र 36 वर्ष को अपनी पत्नी और मृतक युवक के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर आरोपी लंबे समय से नाराज चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
घटना वाले दिन आरोपी और मृतक के बीच फिर से कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक युवक की हालत गंभीर हो चुकी थी।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत . ..
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। मामले की सूचना मिलते ही रघुनाथनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
हत्या के बाद जंगल में जाकर छिपा आरोपी ….
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया और पास के जंगल में जाकर छिप गया था। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी। मुखबिर की सूचना और पुलिस टीम की सक्रियता के चलते आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी और मृतक युवक के बीच संबंध होने का शक था, जिसके चलते उसने गुस्से में आकर हत्या की घटना को अंजाम दिया।
24 घंटे के भीतर पुलिस को मिली सफलता ….
रघुनाथनगर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
गांव में पसरा मातम …
घटना के बाद जनकपुर गांव में शोक और दहशत का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी को लंबे समय से शक था और इसी वजह से वह अक्सर विवाद करता रहता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

