चंदौली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नेता विरोधी दल लाल बिहारी यादव आज 15 मई 2026 को जनपद चंदौली के दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर चकिया क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार लाल बिहारी यादव वाराणसी से सड़क मार्ग द्वारा दोपहर 2:00 बजे प्रस्थान करेंगे और अपराह्न 3:00 बजे चकिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अलीपुर (भांगड़ा) पहुंचेंगे। यहां वह हालिया अलीपुर भांगड़ा प्रकरण को लेकर प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे तथा प्रतिनिधिमंडल के साथ गांव की स्थिति और घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
बताया जा रहा है कि दौरे के दौरान नेता विरोधी दल ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों से भी वार्ता कर सकते हैं। समाजवादी पार्टी पहले ही इस प्रकरण में ग्रामीणों के कथित उत्पीड़न को लेकर चिंता जता चुकी है।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं से समय से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की अपील भी की गई है।

