चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कुछमन बाजार में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवक रोज की तरह अपनी परचून की दुकान खोलने पहुंचा था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि बाजार क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार कुछमन गांव निवासी राकेश सिंह उर्फ मुन्ना के पुत्र रिशु सिंह (32) बाजार में परचून की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार सुबह वह दुकान खोलने पहुंचे। बताया जा रहा है कि दुकान के शटर में बिजली का करंट उतर आया था। जैसे ही रिशु ने शटर उठाने के लिए हाथ लगाया, वह तेज करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी समेत दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
सूचना पर अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। वहीं स्थानीय लोग विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

