बलरामपुर जिले में अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाड्रफनगर विकासखंड के चलगली थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से कोयले की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। इस कार्रवाई के बाद अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
ट्रेलर वाहन से किया जा रहा था अवैध परिवहन…
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ट्रेलर वाहन के जरिए अवैध रूप से कोयले का परिवहन कर रहे थे। जांच के दौरान पुलिस को परिवहन से जुड़े दस्तावेज संदिग्ध दिखाई दिए। जब दस्तावेजों की गहन जांच की गई तो पता चला कि फर्जी कागजात तैयार कर कोयले की तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने तत्काल वाहन को जप्त कर लिया, लेकिन कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी पुलिस …
वाहन जप्त होने के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। चलगली थाना पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि मामले से जुड़े आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पूछताछ में खुल सकते हैं बड़े खुलासे ….
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि फर्जी दस्तावेज कहां तैयार किए गए और इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी …
अक्षय कुमार, पिता रामकुमार, निवासी ग्राम लांची, थाना सूरजपुर, जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़)
अफताब आलम, पिता गुलाब बेग, निवासी बोझिया, थाना छाल, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़)
विनोद नायक, पिता चैतन नायक, निवासी नवापारा, थाना छाल, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़)
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कोयला परिवहन और तस्करी को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फर्जी दस्तावेजों के सहारे अवैध कारोबार करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध वाहनों की जांच भी बढ़ा दी गई है।
क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई …
कोयला तस्करी के इस मामले के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है और लोगों ने उम्मीद जताई है कि आगे भी ऐसे कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

