कटनी मध्य प्रदेश का एक ऐसा अनोखा जिला बन चुका है, जहां पर पुलिस के साथ-साथ उसी रात चोर भी कांबिंग गस्त पर रहते है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में जिले भर के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी जिस रात कांबिंग गस्त करते हुए गांव से लेकर शहर तक हाई अलर्ट पर रहते हुए बदमाशों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्यवाहियां करते हैं, उसी रात इस पूरी सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए चोर भी अपने काम को बखूबी अंजाम देते हैं।
पिछले दो सप्ताह से कटनी में कुछ ऐसा ही हो रहा है। एक सप्ताह पूर्व कांबिंग गस्त के दौरान जिस रात पुलिस हाई अलर्ट पर थी, उसी रात शिवनगर में चोर मंडली बेखौफ अपने काम को अंजाम देने में जुटी हुई थी। हालांकि लोगों की सतर्कता के कारण वहां पर कोई बड़ी घटना नहीं हुई, लेकिन इस बार चोर कामयाब हो गए।
जिस 9 एवं 10 मई की दरमियानी रात कटनी पुलिस के धुरंधर अधिकारियों के नेतृत्व में लगभग डेढ़ सैकड़ा पुलिस कर्मचारी और अधिकारी जिले भर में कांबिंग गस्त करते हुए हाई अलर्ट पर थे, उसी रात कोतवाली थाना क्षेत्र के बरही रोड में चोरों ने पुलिस की पूरी व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी को अंजाम दे दिया।
पुलिस का दावा है कि उस रात कटनी पुलिस के जांबाज अधिकारियों के नेतृत्व में जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाते हुए कटनी पुलिस के द्वारा व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान जिलेभर में फरार, आदतन अपराधी, वारंटी और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ सघन कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिले के 15 थाना प्रभारियों और 150 से अधिक पुलिस बल ने इस कार्रवाई में हिस्सा लिया। पुलिस अधिकारी स्वयं मैदान में मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी करते रहे।
कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने कुल 115 स्थाई, गिरफ्तारी और जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं 88 से अधिक निगरानी बदमाशों और सूचीबद्ध गुंडों की चेकिंग कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
एक तरफ पुलिस जहां इस कार्यवाही को अपनी बड़ी उपलब्धि बता रही है, वहीं चोरों ने शहर के मुख्य बाजार बरही रोड में एक मोबाइल दुकान पर लाखों की चोरी करके पूरी कार्यवाही की सच्चाई उजागर कर दी। चोरों ने तड़के मोबाइल शोरूम में सेंधमारी करके लगभग 5 लाख कीमत के 50 स्मार्टफोन पार कर दिए।
बरही रोड स्थित अग्रवाल मोबाइल दुकान में यह चोरी सुबह करीब 4 बजे के आसपास हुई। बताया जा रहा है कि चोरों ने बड़े आराम से दुकान के अंदर प्रवेश किया।
चोरों ने इस वारदात को बड़ी चालाकी से अंजाम दिया। वे अपने साथ डिब्बे ले जाने के बजाय काउंटर में रखे नए मोबाइल के बॉक्स खोल कर मोबाइल अपने साथ ले गए।
पुलिस को दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज मिले हैं। फुटेज में 6 संदिग्ध बदमाश नजर आ रहे हैं, जो वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। अब पुलिस इन चेहरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
चोरी का जो वीडियो सामने आया है उसे देखकर अब आप खुद ही अंदाजा लगा लीजिए की किस तरह पुलिस के साथ कटनी में चोर उसी रात बड़े आराम से कांबिंग गस्त करते हुए किसी न किसी घटना को अंजाम दे रहे हैं। बढ़ती घटनाएं और बिगड़ती व्यवस्था शायद अब शहर वासियों को यह संकेत दे रही है कि अपने जान और माल की सुरक्षा खुद करें।

