धमतरी/रायपुर। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिलों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल 378.060 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 89 लाख 03 हजार रुपये है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त 11 वाहनों सहित कुल जब्त संपत्ति करीब 1 करोड़ 98 लाख 05 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने 12 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कपड़ा फेरीवालों का रूप धारण किया था। वे मोटरसाइकिलों में कपड़ों के ढेर के पीछे विशेष रूप से तैयार लोहे के कम्पार्टमेंट में गांजा छिपाकर परिवहन कर रहे थे। बाहरी तौर पर वे सामान्य स्ट्रीट वेंडर नजर आते थे, लेकिन भीतर नशे का बड़ा जाल संचालित हो रहा था। पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी तस्कर एम्बुलेंस, फल परिवहन और अन्य माध्यमों का उपयोग कर चुके हैं, पर इस नए तरीके को भी विफल कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा बालिगुड़ा (ओडिशा) क्षेत्र से लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की योजना थी। सीमावर्ती चेक पोस्टों पर लगातार निगरानी और सघन वाहन जांच के चलते यह कार्रवाई संभव हो सकी।
जिला महासमुंद में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 247 किलोग्राम गांजा जब्त कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि धमतरी जिले में 131.005 किलोग्राम गांजा के साथ 2 आरोपी पकड़े गए। धमतरी में एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता है। नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और तस्करी के हर नए तरीके को सख्ती से कुचला जाएगा।

