कुरूद। कुरूद विधानसभा युवा कांग्रेस कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण मासिक बैठक का आयोजन स्थानीय कांग्रेस भवन में किया गया। बैठक में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सोनवानी की विशेष उपस्थिति रही, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष देवव्रत साहू ने की।
बैठक की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी माता के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद संगठनात्मक गतिविधियों, जनहित के मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिला अध्यक्ष नरेंद्र सोनवानी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा कांग्रेस जनता की हर समस्या—चाहे वह बेरोजगारी हो, किसानों की परेशानी, महिलाओं के अधिकार या आम नागरिकों के मुद्दे—उनकी आवाज बनकर मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रियता बढ़ाने और जमीनी स्तर पर काम करने का आह्वान किया।
वहीं, विधानसभा अध्यक्ष देवव्रत साहू ने कहा कि संगठन की ताकत ही जनता की आवाज होती है और जब युवा आगे आते हैं तो बदलाव निश्चित होता है। उन्होंने कुरूद विधानसभा में कांग्रेस और युवा कांग्रेस को और अधिक सशक्त एवं जनहितैषी बनाने का संकल्प दोहराया।
बैठक में उपाध्यक्ष गुरुदेव महिपाल, एनएसयूआई प्रदेश सचिव योगेश साहू, प्रभारी महासचिव तुकेश साहू, महासचिव यक्ष साहू, भखारा ब्लॉक अध्यक्ष पुखराज साहू तथा युवा नेता सुबोध झा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में युवा कांग्रेस कार्यकारिणी के सदस्यों को ससम्मान प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन तुकेश साहू ने किया, जबकि आभार पार्षद अर्जुन ध्रुव ने व्यक्त किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया

