धमतरी। जिले में पंचायत उपचुनाव को लेकर अब तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। लंबे इंतजार के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिले की 19 ग्राम पंचायतों में 2 सरपंच और 20 पंच पदों के लिए 1 जून को मतदान कराया जाएगा, जबकि 4 जून को परिणाम घोषित होंगे। इस चुनाव में कुल 27,885 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 13,834 पुरुष और 14,051 महिला मतदाता शामिल हैं। ग्रामीण स्तर पर सत्ता की यह जंग अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है।
11 से 18 मई तक नामांकन, 21 तक वापसी का मौका:
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह के अनुसार नामांकन प्रक्रिया 11 मई से शुरू होकर 18 मई तक चलेगी। 19 मई को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटिनी) होगी और 21 मई तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। चुनावी प्रक्रिया के तहत नगरी निकायों में मतदान ईवीएम से और पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे। पंचायत क्षेत्रों में मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में समयबद्ध तरीके से मतदान संपन्न कराया जा सके।
आरक्षण बना रोड़ा: मोतिमपुर में फिर खाली रह सकता है सरपंच पद
मगरलोड ब्लॉक के मोतिमपुर ग्राम पंचायत में सरपंच पद आरक्षण के चलते फिर संकट में है। यह पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है, लेकिन गांव में इस वर्ग की केवल एक 80 वर्षीय महिला ही निवास करती हैं, जिन्होंने चुनाव लड़ने में रुचि नहीं दिखाई है। ऐसे में यहां सरपंच पद के फिर रिक्त रहने की आशंका बनी हुई है। इससे पहले सिलघट पंचायत में भी इसी तरह की स्थिति बनी थी, जहां पूरे पांच साल तक उपसरपंच ने ही जिम्मेदारी संभाली थी।
चारों ब्लॉकों में चुनावी सरगर्मी, गांव-गांव में बढ़ी हलचल:
जिले के नगरी, कुरूद, धमतरी और मगरलोड ब्लॉकों की कुल 19 पंचायतों में उपचुनाव कराए जाएंगे। नगरी की 6, कुरूद की 8, धमतरी की 3 और मगरलोड की 2 पंचायतों में मतदान होगा। धमतरी ब्लॉक के लीलर में सरपंच और बिरेतरा में पंच, कुरूद के कुहकुहा, सिवनीकला, जीजामगांव, चर्रा, सेमरा बी, तर्रागोंदी में पंच, जबकि मगरलोड के मोतिमपुर में सरपंच-पंच और खड़मा में पंच के लिए चुनाव होंगे। वहीं नगरी ब्लॉक के बिरनासिल्ली, सिरसिदा, घोटगांव, बनबगौद, कट्टीगांव और करैहा में भी पंच पदों के लिए मतदान प्रस्तावित है। मोंगरागहन पंचायत में सरपंच के निधन से रिक्त पद को अगले चरण के उपचुनाव में शामिल किया जाएगा।

