कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया में एक 25 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खमरिया निवासी दुलारी बाई (25 वर्ष), पति लव कुश चौधरी ने देर रात अपने घर के भीतर फांसी लगा ली। परिवार के सदस्यों ने उन्हें फंदे से लटका पाया, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव को फंदे से उतारा और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद, शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरिया पान भेजा गया।
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। महिला ने यह आत्मघाती कदम किन कारणों से उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।

