कटनी जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है… जहाँ दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 15 वर्षीय किशोर अचानक गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस, प्रशासन और NDRF की टीम रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
गहरे पानी में समाया अनुपम
कटनी के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुड्डी महानदी पुल के पास स्थित संगम घाट पर शुक्रवार शाम यह दर्दनाक हादसा हुआ।
जानकारी के मुताबिक बरही थाना क्षेत्र के ग्राम सिमरिया सानी निवासी अनुपम गुप्ता, उम्र 15 वर्ष, अपने दोस्तों के साथ शाम करीब 4 बजे महानदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया।
दोस्तों ने मचाया शोर, मची अफरा-तफरी
अनुपम को डूबता देख साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत शोर मचाया और ग्रामीणों व परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की, लेकिन नदी का पानी गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए NDRF की टीम को भी बुलाया गया।
शुक्रवार रात करीब 11 बजे NDRF की टीम घटनास्थल पहुँची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी के भीतर और बहाव वाले इलाकों में सघन तलाश अभियान चलाया गया।
सर्च लाइट के सहारे जारी रही तलाश
रात के अंधेरे में भी पुलिस और रेस्क्यू टीम ने सर्च लाइट की मदद से लगातार तलाश जारी रखी। प्रशासन का कहना है कि नदी के आसपास और बहाव वाले क्षेत्रों में हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किशोर का पता लगाया जा सके।
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद सिमरिया सानी गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव अनुपम की सलामती की दुआ कर रहा है।
फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है, लेकिन अब तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
कटनी से इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन और NDRF की टीम लगातार खोजबीन में जुटी हुई है। जैसे ही कोई नई जानकारी सामने आएगी, हम आपको सबसे पहले अपडेट देंगे।

