धमतरी। जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश में 08 निरीक्षक, 03 उप निरीक्षक और 02 सहायक उप निरीक्षकों का तबादला किया गया है। साथ ही 10 थाना और 01 चौकी प्रभारी के प्रभार में बदलाव कर पुलिसिंग को नई दिशा देने की कोशिश की गई है।
इस फेरबदल में सबसे अहम बदलाव सिटी कोतवाली और साइबर थाना को लेकर माना जा रहा है। कोतवाली प्रभारी के रायपुर स्थानांतरण के बाद खाली पद पर अर्जुनी थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जगत को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं साइबर सेल के साइबर थाना में उन्नयन के बाद कुरूद थाना प्रभारी निरीक्षक चन्द्रकांत साहू को अर्जुनी थाना के साथ साइबर पुलिस थाना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। विभागीय सूत्र इसे बढ़ते साइबर अपराधों पर नियंत्रण की रणनीति मान रहे हैं।

ग्रामीण और संवेदनशील इलाकों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। निरीक्षक अवध राम साहू को रक्षित केन्द्र से कुरूद थाना, शरद ताम्रकार को सिहावा से भखारा, चकधर बाघ को नगरी से दुगली और अरुण साहू को मेचका से नगरी भेजा गया है। वहीं टुमनलाल डडसेना को खल्लारी थाना प्रभारी बनाया गया है। निरीक्षक रामकिशन मरकाम को दुगली से रक्षित केन्द्र भेजा गया है।
उप निरीक्षक स्तर पर लक्ष्मीशंकर मंडलेश्वर को केरेगांव, अजय सिंह को सिहावा और बलवीर सिंह को मेचका थाना प्रभारी बनाया गया है। सहायक उप निरीक्षक प्रदीप सिंह को साइबर थाना से हटाकर बिरेझर चौकी भेजा गया है, जबकि प्रकाश नाग को खल्लारी से दुगली थाना पदस्थ किया गया है।
एसपी सूरज सिंह परिहार ने सभी अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण कर अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और प्रभावी पुलिसिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। पुलिस महकमे में इस फेरबदल को प्रशासनिक कसावट और नई कार्यशैली के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

