उत्तर प्रदेश के चंदौली में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर बिहार ले जाई जा रही करीब 22.50 लाख रुपये कीमत की 2224.44 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मामले में पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में थाना सैयदराजा पुलिस तथा स्वाट/सर्विलांस टीम ने NH-02 हाईवे स्थित ग्राम जेठमलपुर और सम्राट होटल के पास चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान एक सफेद टोयोटा फॉर्च्यूनर और उसके पीछे चल रहे आइसर ट्रक नंबर GJ 14Z 5585 को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस को ट्रक और फॉर्च्यूनर में “पोटाश” लिखे 167 टीन के डिब्बों में लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब मिली। बरामद शराब में Royal Challenge और All Seasons शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया से लोड की गई थी और इसे बिहार के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर रूट पर सप्लाई किया जाना था। पुलिस से बचने के लिए शराब को “पोटाश” की आड़ में लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाया गया था, जबकि फॉर्च्यूनर गाड़ी ट्रक को रास्ते में ‘पास’ कराने और लोकेशन देने का काम कर रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कुमार, सुमित सिंह, साजन राठौर, देवेन्द्र सिंह और अनिल कुमार पंचाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक आइसर ट्रक, एक फॉर्च्यूनर, छह मोबाइल फोन और 5,030 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
इस मामले में थाना सैयदराजा में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा।

