धमतरी ।जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत महावीर चौक में हुए चर्चित बुजुर्ग हत्या प्रकरण में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे आरोपी राहुल कंवर उर्फ राहुल बटन उर्फ सरकार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसे अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 6 मई 2026 की रात महावीर चौक भखारा में पुराने लेन-देन और एक्सीडेंट की बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपियों ने अन्नु निर्मलकर के साथ मारपीट की। इसी दौरान एक नाबालिग ने धारदार चाकू से उनके गले पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अन्नु निर्मलकर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जिला अस्पताल धमतरी में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद भखारा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और पहले ही आरोपी चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं फरार आरोपी राहुल कंवर को भी शुक्रवार को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
थाना भखारा में इस मामले में अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी आरोपियों पर शिकंजा कस लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

