कलेक्टर से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक लगाई गुहार, फिर भी नहीं मिला समाधान
बहोरीबंद। तहसील क्षेत्र के सलैया (पटोरी) खरीदी केंद्र में धान बेच चुके किसान को आज तक अपनी उपज का भुगतान नहीं मिला है। पटोरी निवासी किसान मलखान सिंह पटेल पिता टेकसिंह पटेल पिछले 6 महीनों से 2 लाख 60 हजार रुपये की राशि पाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।
किसान ने बताया कि उन्होंने दिसंबर महीने में समर्थन मूल्य पर अपनी धान की उपज सलैया (पटोरी) खरीदी केंद्र में बेची थी, लेकिन आज तक भुगतान खाते में नहीं पहुंचा। इस मामले में उन्होंने कलेक्टर की जनसुनवाई से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक शिकायत दर्ज कराई, मगर अब तक कोई निराकरण नहीं हुआ।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि किसान की बेटी की शादी 13 मई को तय है। ऐसे में परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। किसान मलखान सिंह का कहना है कि शादी की तैयारियों के लिए उन्हें इसी रकम का सहारा था, लेकिन भुगतान अटकने से पूरा परिवार परेशान है।
किसान ने भावुक होकर कहा कि —
“बिटिया की शादी सिर पर है, लेकिन पैसा नहीं मिलने से समझ नहीं आ रहा कि व्यवस्थाएँ कैसे होंगी। इसी चिंता में रात-दिन घबराहट बनी हुई है।”
—
अधिकारियों का दावा — जिले में करीब 50 किसान भुगत रहे ऐसी समस्या
इस मामले में संबंधित अधिकारियों का कहना है कि जिले में मलखान सिंह पटेल जैसे करीब 50 किसान हैं, जिनकी भुगतान राशि “रिजेक्ट ट्रांजेक्शन” में चली गई है। तकनीकी कारणों से ऑनलाइन भुगतान नहीं हो सका।
अधिकारियों के अनुसार अब किसानों का लंबित भुगतान ऑफलाइन चेक के माध्यम से किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि जल्द किसानों को राहत मिल सके।

