चंदौली। मुगलसराय कस्बे में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई चौथे दिन भी जारी रही। एक दिन की मोहलत समाप्त होने के बाद सोमवार को फिर से बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि स्थानीय अतिक्रमणकारियों ने स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन से एक दिन का समय मांगा था। प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें मोहलत दी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कई स्थानों पर अतिक्रमण पूरी तरह नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए पुनः कार्रवाई शुरू कर दी।
अभियान के दौरान एसडीएम, नगर पालिका के ईओ, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, क्षेत्राधिकारी (सीओ) और मुगलसराय थानाध्यक्ष के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक टीम ने सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर हटाया।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर हल्का विरोध भी देखने को मिला, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण मुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अवैध कब्जेदारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

