काम से बाहर गए हुए थे परिजन
जानकारी के अनुसार, परसेल निवासी झन्नई कोल (70 वर्ष) रविवार सुबह करीब 11 बजे घर पर अकेले थे। परिवार के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने घर के एक कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और फांसी लगा ली। जब परिजन वापस लौटे और दरवाजा नहीं खुला, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। खिड़की से झांकने पर बुजुर्ग का शव फंदे से लटका मिला।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर के बाहर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल बड़वारा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर बड़वारा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया गया और शव को फंदे से नीचे उतारा गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की जांच कर रही है पुलिस
बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल ने बताया कि उन्हें परसेल गांव में एक बुजुर्ग के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

