धमतरी। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश द्वारा जिला एवं सत्र न्यायालय धमतरी का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के तहत वे सर्किट हाउस धमतरी पहुंचे, जहां जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
इसके पश्चात मुख्य न्यायाधीश न्यायालय परिसर पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालयीन कार्यप्रणाली, अधोसंरचना, लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की। न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उन्होंने न्यायाधीशों, कर्मचारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद भी किया।

उन्होंने विशेष रूप से न्यायालय में डिजिटलीकरण और पेपरलेस प्रणाली को बढ़ावा देने पर जोर दिया तथा संचालित डिजिटाइजेशन सेंटर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, न्यायिक प्रक्रिया में समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग की बात कही।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने अधिवक्ता संघ धमतरी के सदस्यों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के लिए सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिले के सभी न्यायाधीश, प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे। यह निरीक्षण न्यायिक प्रणाली को आधुनिक, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

