धमतरी। जिले के बोराई थाना क्षेत्र से एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह एक मुर्गा व्यापारी के साथ कथित मारपीट करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना ओडिशा बॉर्डर स्थित चेक पोस्ट की है, जहां पुलिस की कार्रवाई ने अब सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, कोंडागांव निवासी व्यापारी शब्बीर मेमन बोराई गांव मुर्गा खरीदने आया था। इसी दौरान पुलिस ने चेक पोस्ट पर वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक के वाहन नहीं रोकने पर पुलिस ने पीछा कर उसे रुकवाया। इसके बाद थाना प्रभारी के गुस्से में आकर व्यापारी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब वायरल हो चुका है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि नियम उल्लंघन की स्थिति में कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए थी, न कि इस तरह का व्यवहार। फिलहाल इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, जबकि सोशल मीडिया पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

