कटनी बरही-मैहर मार्ग पर उबरा रोड स्थित गुरुकुल के पास बुधवार को दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस द्वारा घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरही ले जाया गया। घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
शादी की खरीदारी कर लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, कुटेश्वर निवासी सुग्रीव केवट (25 वर्ष) और डीघी निवासी अरुण केवट (20 वर्ष) अपनी बहन की शादी के लिए बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गुरुकुल के समीप पहुंची, विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर सीताराम काछी (26 वर्ष), भरत चौधरी (50 वर्ष) और शीला बाई चौधरी (55 वर्ष) सवार ग्राम मनघटा निवासी
चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर खून फैल गया। हादसे में सुग्रीव, अरुण, सीताराम, भरत और शीला बाई को गंभीर चोटें आईं। बरही अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने चार घायलों की स्थिति को चिंताजनक पाया, जिसके चलते उन्हें तत्काल बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

