बाकल जिले के बाकल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सांडा में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां पानी से भरी खदान में डूबने से एक महिला और 12 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सांडा निवासी अन्नी यादव के घर में पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी अनुतिया बाई (40) और साली की बेटी माही यादव उर्फ सिमरन (12) आसपास गांव के श्मशान घाट के पास स्थित पानी से भरी खदान में नहाने के लिए गई थीं।
बताया गया जब दोनों वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन के दौरान खदान के पास उनके कपड़े और चप्पल मिलीं, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से पानी में तलाश शुरू की गई। कुछ समय बाद दोनों के शव पानी में डूबे हुए मिले।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शवों को बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का पाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है


