कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के तेवरी स्थित भाटिया मोहल्ला में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने बिजली व्यवस्था और जागरूकता दोनों पर सवाल खड़े कर दिए। बताया जा रहा है कि शाम करीब 7 बजे लवकुश कोल अपनी मुँहबोली मामी के कहने पर बिजली के ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया, जहां करंट की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया।
हादसा इतना भयावह था कि युवक गंभीर रूप से जल गया। परिजन उसे आनन-फानन में स्थानीय क्लिनिक लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखते हुए रात में ही जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है।
इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं—आखिर कोई युवक खुले ट्रांसफार्मर तक इतनी आसानी से कैसे पहुंच गया? क्या बिजली विभाग की लापरवाही इस हादसे की वजह बनी? क्या सुरक्षा इंतजाम सिर्फ कागजों में हैं?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था नाम मात्र की है। खुले और असुरक्षित ट्रांसफार्मर कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग मौन बना हुआ है।
एक ओर प्रशासन सुरक्षा के दावे करता है, दूसरी ओर जमीनी हकीकत लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था की लापरवाही का गंभीर उदाहरण बनकर सामने आया है।

