कटनी जिले के ढीमरखेडा थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव के पास देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहे की सरिया से भरा एक ट्रक विलायत कला की ओर से आ रहा था। जैसे ही ट्रक पिपरिया के पास पहुंचा, अचानक सड़क पर एक गाय आ गई। चालक ने गाय को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसा इतना भयावह था कि ट्रक में लदी लोहे की सरिया स्टेयरिंग के पास घुस गई और चालक मोहम्मद हामिद (25), निवासी बालूमाथ, जिला लातेहार (झारखंड), केबिन में बुरी तरह फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कटर मशीन के जरिए ट्रक की सरिया को काटकर चालक को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू ऑपरेशन काफी देर तक चला, जिसमें लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
घायल चालक को तुरंत डायल 112 वाहन की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के एसआई सुरेश चौधरी ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि आवारा मवेशियों की वजह से इस क्षेत्र में पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

