कटनी जिले के बहोरीबंद में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। बहोरीबंद बस स्टैंड के पास खड़ी एक इलेक्ट्रिक ऑटो को तेज रफ्तार हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो में सवार पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के संबंध में डिहुँटा निवासी ऑटो चालक देवसिंह यादव ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी ऑटो बस स्टैंड के पास खड़ी थी, तभी डिहुँटा जाने के लिए दीक्षा यादव, साक्षी यादव, पूजा बर्मन अपने बच्चों निहाल और चित्रांश के साथ ऑटो में बैठीं। इसी दौरान सिहोरा की ओर से आ रहा गिट्टी से भरा हाईवा (क्रमांक MP 66 H 1553) तेज गति में आया और ऑटो को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में बैठी महिलाएं और बच्चे नीचे गिर पड़े और सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत बहोरीबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस हादसे में 17 वर्षीय साक्षी यादव (पिता: सरमन यादव), निवासी बहोरीबंद, की रास्ते में ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि साक्षी अपने मामा के यहां डिहुँटा शादी में शामिल होने जा रही थी।
घटना के बाद बहोरीबंद थाना पुलिस ने हाईवा चालक रामविश्वास यादव (निवासी रीवा) को गिरफ्तार कर लिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है।

