कटनी जिले में गिरते भूजल स्तर को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से बोरिंग कराने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। निवार चौकी पुलिस ने मौके से बोरिंग मशीन सहित ट्रक जब्त किया है।
प्रतिबंध के बावजूद अवैध खनन जारी
कटनी जिले में 25 मार्च 2026 से भूजल संरक्षण के लिए बोरिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद ग्राम पहाड़ी निवार में नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी, जहां बिना अनुमति के नलकूप खनन किया जा रहा था।
पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा रंगे हाथ
24 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर निवार चौकी और माधवनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। यहां एक नीले रंग का अशोक लीलैंड ट्रक बोरिंग मशीन के साथ खनन करते पाया गया।
स्थानीय निवासी ने कराई थी अवैध बोरिंग
जांच में सामने आया कि ग्राम पहाड़ी निवार निवासी ललित चौबे अपने मकान के पीछे अवैध बोरिंग करा रहा था। इसके लिए मंडला जिले से चालक हरिप्रसाद मालगाम को मशीन सहित बुलाया गया था।
नहीं दिखा सके कोई अनुमति पत्र
पुलिस ने जब चालक से बोरिंग की अनुमति मांगी, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मौके से ट्रक और मशीन को जब्त कर लिया।
इन धाराओं में मामला दर्ज
आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 223 और 3(5) के साथ-साथ म.प्र. पेयजल परीक्षण अधिनियम 1986 की धारा 9 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही बीएनएसएस की धाराओं के तहत नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों की टीम रही सक्रिय
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, आरक्षक अरविंद और वकील यादव की अहम भूमिका रही।
आगे भी जारी रहेगी सख्ती
पुलिस ने साफ कर दिया है कि गिरते भूजल स्तर को देखते हुए अवैध बोरिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

