कटनी जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां खरीदी केंद्र की दूरी को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज़ किसानों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया, जिसके बाद प्रशासन को झुकना पड़ा और अब रीठी में नया खरीदी केंद्र खोलने का आदेश जारी कर दिया गया है।



कटनी जिले के रीठी तहसील क्षेत्र में आज किसानों का आक्रोश खुलकर सामने आया। अपनी मांगों को लेकर नाराज़ किसानों ने कटनी-दमोह मुख्य मार्ग पर स्थित पटेहरा तिराहे पर चक्का जाम कर दिया।
करीब 30 मिनट तक चले इस प्रदर्शन के दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
किसानों का आरोप है कि खरीदी केंद्र रीठी से लगभग 40 किलोमीटर दूर बाकल संयोलो में बनाया गया है, जिससे उन्हें अपनी उपज बेचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इससे पहले भी किसानों ने तहसीलदार और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी थी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
आज उसी चेतावनी के तहत किसानों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसानों को समझाइश दी और मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई।
प्रशासन ने किसानों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए बड़ा फैसला लिया है।
शनिवार दोपहर करीब 3 बजे आदेश जारी करते हुए रीठी में ही खरीदी केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
फिलहाल किसानों का आंदोलन शांत हो गया है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

