दुर्ग। स्मृति नगर चौकी क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। एक महिला ने आरक्षक के घर में घुसकर उसकी पत्नी और 9 वर्षीय मासूम बेटे की चाकू से बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
सुबह 8 बजे बरपा कहर:
जानकारी के अनुसार, आरक्षक ललितेश यादव के घर सुबह करीब 8 बजे आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज पहुंची और अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी रानी यादव और बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल बेटी तानिया यादव को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मासूम की सूझबूझ से बची जान:
घटना के दौरान घर में मौजूद एक अन्य बच्ची नैना यादव ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह?:
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला और आरक्षक के बीच कथित संबंध थे। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी महिला घर पहुंची थी, लेकिन विवाद बढ़ने के बाद उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी:
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक, आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है। मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है। इस निर्मम हत्याकांड ने पूरे दुर्ग शहर को झकझोर कर रख दिया है।

