धमतरी। शहर के पीजी कॉलेज रोड स्थित रत्नाबाँधा क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लक्ष्मी एल्युमिनियम के बर्तन गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इसका घना काला धुआं कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे गोदाम से अचानक लपटें उठनी शुरू हुईं और देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में स्टील और एल्युमिनियम के बर्तन बोरियों में भरे हुए थे, साथ ही प्लास्टिक के ड्रम भी रखे थे, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए धमतरी के साथ कुरुद से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। आग बुझाने के लिए 8 से 10 टैंकर पानी के साथ-साथ फोम का भी इस्तेमाल किया गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।

इस अग्निकांड में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुट गई है।

