कटनी के बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम सलैया में एक 72 साल के बुजुर्ग का शव उनके घर के बाहर फांसी के फंदे पर मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ग्राम सलैया निवासी मुन्ने लाल सिंह (72) के तौर पर हुई है। उन्होंने अपने घर के बाहरी हिस्से में लकड़ी की ठाट पर फांसी लगाई थी। परिजनों ने सुबह शव देखकर तत्काल बड़वारा पुलिस को सूचित किया।
लंबे समय से गंभीर शारीरिक बीमारियों से जूझ रहे थे
मृतक के पुत्र नवाब सिंह परस्ते ने पुलिस को बताया कि उनके पिता मुन्ने लाल सिंह लंबे समय से गंभीर शारीरिक बीमारियों से जूझ रहे थे। उन्हें शरीर में तेज जलन और असहनीय दर्द की शिकायत थी, जिससे वे अत्यधिक परेशान रहते थे।

नवाब सिंह के अनुसार, अत्यधिक शारीरिक पीड़ा के कारण उनके पिता अक्सर आत्महत्या करने की बात करते थे। परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि इन्हीं बीमारियों और कष्टों से तंग आकर मुन्ने लाल सिंह ने यह कदम उठाया होगा।
परिजनों ने सुसाइड की जताई आशंका
बड़वारा थाना पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा बनाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
टीआई बोले-हर एंगल से हो रही मामले की जांच
बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल ने जानकारी दी कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला बीमारी से परेशान होकर की गई आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी

