धमतरी | 23 अप्रैल 2026। शहर की आकाशगंगा कॉलोनी में फरवरी माह में हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में मध्यप्रदेश के धार जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 7-8 फरवरी की दरमियानी रात आकाशगंगा कॉलोनी (फेज-1 एवं फेज-2) के चार सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया था। चोरों ने ताला तोड़कर घरों में प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवर सहित नकदी चोरी कर फरार हो गए। इन घटनाओं में कुल 1 लाख 28 हजार 200 रुपये का नुकसान हुआ था।
मामले की जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, टावर डंप और तकनीकी विश्लेषण का सहारा लिया। जांच के दौरान सामने आया कि यही गिरोह कोरबा, अंबिकापुर और राजनांदगांव में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपी आपस में संपर्क के लिए इंस्टाग्राम का उपयोग करते थे और बेहद सुनियोजित तरीके से सूने मकानों को निशाना बनाते थे।
विशेष टीम गठित कर पुलिस ने मध्यप्रदेश के धार जिले में दबिश दी और 9 दिनों की सतत निगरानी के बाद एक आरोपी दिनेश बवानिया (28) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त औजार और एक सोने की अंगूठी बरामद की गई है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि शेष आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिल चुके हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

