धमतरी। जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी द्वारा राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, पूर्व विधायक लेखराम साहू, विधायक ओंकार साहू, अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता में लेखराम साहू ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि 15 सितंबर 2023 को पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम को विपक्ष के पूर्ण समर्थन के बावजूद आज तक लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत लोकसभा और राज्यसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान था, लेकिन सरकार ने इसका नोटिफिकेशन जारी नहीं किया।
साहू ने आरोप लगाया कि अब असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में चुनाव के बीच भाजपा संशोधित विधेयक लाकर इसे राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि संशोधन में परिसीमन के बाद आरक्षण लागू करने की शर्त जोड़ना लोकतंत्र के खिलाफ है, इसी कारण विपक्ष ने इसका विरोध किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल महिला आरक्षण के मूल बिल के समर्थन में हैं। राहुल गांधी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2023 के मूल स्वरूप में बिल को लागू करने के पक्ष में है।
प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार की विदेश नीति, अर्थव्यवस्था और महंगाई को लेकर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा ऐसे विवाद खड़े कर रही है।

